December 23, 2024

छत्तीसगढ़ में अपेक्स सहित सहकारी बैंकों में भारी गड़बड़ियां और वित्तीय घोटाले, बरमकेला ब्रांच में हुई करोड़ों की अफरातफरी में आज तक एफआईआर तक दर्ज नहीं- बरमकेला ब्रांच के कर्मचारियों ने सरिया ब्रांच के खातेदारों के निकालें करोड़ों रूपए


पंकज विश्वकर्मा (समाचार संपादक)
रायगढ़ - सारंगढ़ से लौटकर एक विशेष रिपोर्ट



रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक जिसे हम अपेक्स बैंक के नाम से जानते हैं इस समय आर्थिक अनियमितता, भष्ट्राचार और गबन सहित संदिग्ध ट्रांजेक्शन का गढ़ बना हुआ है। पिछले दिनों अपेक्स बैंक की बरमकेला ब्रांच में हुई करोड़ों रूपए की हेराफेरी और आर्थिक अनियमितता का एक बहुत बड़ा खुलासा रायपुर न्यूज नेटवर्क और RNN24 न्यूज चैनल की टीम ने किया था। इसमें जांच अधिकारी उप महाप्रबंधक भूपेश चंद्रवंशी और लेखाधिकारी विवेक सिंह ठाकुर की प्रथामिक जांच रिपोर्ट मुख्यालय में 7 नवंबर को ही प्रस्तुत कर दी गई थी।  जिसकी कॉपी विश्वनसीय सूत्रों से हमें  प्राप्त हुई है। 


जिसमें 24 बिंदुओं में जांच प्राथमिक और प्रथम दृष्टया की गई है और निष्कर्ष में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि " यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि शाखा में सुनियोजित तरीके से गबन कर राशि का नकद आहरण व राशि का हस्तांतरण अन्य खातों में किया जा रहा है" उन्होंने साथ ही लिखा है कि "गबन की राशि की वसूली हेतु पुलिस में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर शाखा प्रबंधक एवं अन्य कर्मचारियों से वसूली की कार्यवाही प्रारंभ किया जाना अनुशंषित है एवं प्रथम दृष्टया शाखा में लगभग 5 करोड़ से अधिक की राशि गबन करना संभावित है। अतः तत्काल समय सीमा में कड़ी कार्रवाई किया जाना अत्यंत आवश्यक है कार्यवाही के अभाव में अन्य शाखों में भी इस तरह की पुनरावृत्ति संभव है। शाखाओं में समस्त खातों की विस्तृत जांच व विशेष ऑडिट कराया जाना अति आवश्यक है ताकि गबन की वास्तविक राशि का आकलन किया जा सके।


बरमकेला ब्रांच से अलग होकर सरिया ब्रांच की स्थापना 7 सितंबर को की गई थी। सरिया ब्रांच के स्थापना दिवस में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी थे और इस ब्रांच ने स्थापना के साथ ही स्वतंत्र रूप से अपने वित्तीय कार्यों को प्रारंभ कर किया था। बरमकेला ब्रांच में कुल 18 सहकारी समितियों के 100 के आसपास विभिन्न खाते और 17,000 हजार से ज्यादा किसानों के बचत और कृषि ऋण खाते संचालित किए जा रहे थे। सरिया ब्रांच की स्थापना के बाद जहां बरमकेला ब्रांच में 11 समितियों के 60 विभिन्न खाते और किसानों के 10,000 से ज्यादा बचत और कृषि ऋण खाते बचें वहीं सरिया ब्रांच में 7 सहकारी समितियों के 40 विभिन्न खाते और किसानों के 7,000 से ज्यादा बचत और कृषि ऋण खातों का संचालन शुरू किया गया।


बस खेल यही से शुरू किया गया। बरमकेला ब्रांच से 4 नवंबर को 21 किसानों के डी.एम.आर कैश खातों में समिति पंचधार एवं सल्हेओना के के.सी.सी-बी.एफ खातों को नामे कर 21 किसानों के डी.एम.आर कैश खातों में समायोजन करते हुए किसानों के डी.एम.आर कैश खातों को निरंक किया गया, उसके तुरंत बाद समिति पंचधारा एवं साल्हेओना के के.सी.सी-बी.एफ खातों को पुनः नामे कर 21 किसानों के डी.एम.आर खातों में राशि का अंतरण किया गया।

समस्त ट्रांजैक्शन बरमकेला ब्रांच से किया गया जबकि इन समितियों के खाते सरिया ब्रांच के अंतर्गत आते हैं। इसके साथ ही समितियों के के.सी.सी. खातों को डायरेक्ट डेबिट कर IMPS किया गया। 4 नवंबर को ही ब्रांच में टोकन के अनुसार कुल 81 ग्राहकों को 24.11 लाख भुगतान करना दिखाया जा रहा है पंरतु सीबीएस के कैश रिपोर्ट के अनुसार कुल 105 ग्राहकों को 49.53 लाख का भुगतान होना पाया गया। जांच अधिकारियों ने अपनी जांच रिपोर्ट में सीबीएस की कैश रिपोर्ट भी संलग्न की हैं।


इसी प्रकार बरमकेला ब्रांच द्वारा 5 नवंबर को भी 22 किसानों के डी.एम.आर कैश खातों से 27.73 लाख भुगतान किया गया है। इसी दिन बरमकेला ब्रांच द्वारा ही 22 किसानों की डी.एम.आर कैश खातों में साल्हेओना समिति के.सी.सी-बी.एफ खातों को नामे कर 22 किसानों के डी.एम.आर कैश खाते में समायोजन करते हुए किसानों के डी.एम.आर कैश खातों को निरंक दिया गया।


इसके बाद साल्हेओना समिति के के.सी.सी-बीएफ खातों को पुनः नामे लेकर 22 किसानों के डीएमआर खातों में राशि का अंतरण किया गया। 5 नवंबर को टोकन के अनुसार 57 ग्राहकों को 13.79 लाख का भुगतान करना दिखाया गया पंरतु सी.बी.एस के कैश रिपोर्ट के अनुसार 82 ग्राहकों को 41.66 लाख रुपए का भुगतान होना दिख रहा है।

इससे पता चलता है कि छत्तीसगढ़ में अपेक्स सहित सहकारी बैंक की क्या स्थिति है। ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्स सहित सहकारी बैंक ही इस पूरी व्यवस्था की रीड की हड्डी है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संपूर्ण धान खरीदी सहित खाद बीज की पूरी व्यवस्था इन्हीं के माध्यम से की जाती है।


क्योंकि प्रदेश कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था पर निर्भर करता है इससे सहकारी समितियों एवं अपेक्स सहित 6 सहकारी बैंकों के महत्व को समझा जा सकता है। परंतु छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक या जिसे हम अपेक्स बैंक के नाम से जानते हैं और सभी जिला सहकारी बैंक वित्तीय घोटाले, वित्तीय अनियमितता और घोटाले के गढ़ बनते जा रहे हैं।

 



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch