रायपुर : राजधानी रायपुर के पंडरी मेन रोड स्थित श्री शिवम कपड़ा शोरूम में हुई 30 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज चोरी का मास्टरमाइंड शोरूम का ही सेल्समैन निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह घटना 31 मार्च की रात को हुई थी, जब आरोपी ने बड़ी चाल से बुर्का पहनकर शोरूम में प्रवेश किया और बंद होने के बाद चोरी को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने शोरूम की छत पर पहुंचकर दरवाजे की कुंडी तोड़ी और रस्सी के सहारे नीचे उतरने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान रस्सी टूट गई और वह तीसरे माले से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसका पैर टूट गया। चोरी के बाद वह मौके से फरार हो गया, लेकिन अगले दिन शोरूम खुलने पर कर्मचारियों को टूटा लॉकर और गायब 30 लाख रुपये का पता चला। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की।
इस चोरी का मास्टरमाइंड राजेश टंडन निकला, जो हथबंध का निवासी है और उसी कॉम्प्लेक्स में स्थित टाइटन वॉच फ्रेंचाइजी में सेल्समैन के तौर पर काम करता था। राजेश को शोरूम की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की पूरी जानकारी थी।
पूछताछ में राजेश ने अपने तीन अन्य साथियों के नाम बताए- राजनांदगांव निवासी मोहनीश श्रीवास्तव, चिखली धरसींवा के सुरेश दीवान और प्रेम बघेल। पुलिस ने सभी को महाराष्ट्र के शिरडी और शनि शिंगणापुर से गिरफ्तार किया। इन तीनों को रायपुर लाकर चोरी में इस्तेमाल वाहन और शेष रकम की बरामदगी शुरू की गई। अब तक 17 लाख रुपए बरामद हो चुके हैं।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अस्पताल में भर्ती है, जहाँ से उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। यह खुलासा चौंकाने वाला है कि चोरी का प्लान शोरूम के अंदर से ही तैयार किया गया था। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकता है। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।